मकान से बेदखली का आरोप, वृद्ध मां और नाबालिग बेटे के साथ भटकने का दावा

गाजियाबाद। पटेल मार्ग निवासी रूही सत्संगी ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसियों पर उत्पीड़न और साजिश के तहत मकान से बेदखल किए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने वृद्ध मां और 15 वर्षीय बेटे के साथ दर-दर भटकने का दावा करते हुए परिवार की सुरक्षा और मकान में दोबारा दखल दिलाने की मांग की है।
रूही सत्संगी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग लंबे समय से उसके मकान को बेचने के लिए दबाव बना रहे थे। आरोप है कि मकान बेचने से इनकार करने पर उसके साथ विवाद किया जाता था। महिला ने कार को क्षतिग्रस्त करने, निगरानी रखने और विभिन्न तरीकों से परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया है।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 9 जून 2026 की रात पार्किंग में खड़ी उसकी कार के शीशे तोड़ दिए गए। इसके बाद 10 जून को उसने पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसके खिलाफ धार्मिक टिप्पणी करने की अफवाह फैलाकर बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र कर लिया गया और घर के बाहर हंगामा किया गया।
महिला का दावा है कि बाद में पुलिस की मौजूदगी में उसे और उसके परिवार को मकान खाली करने के लिए दबाव बनाया गया। आरोप है कि 12 जून को उसे अपनी वृद्ध मां और नाबालिग बेटे के साथ घर छोड़ना पड़ा। इसके बाद से वह परिवार के साथ परेशान है।
रूही सत्संगी ने पुलिस आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच, परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस सुरक्षा में मकान में दोबारा दखल दिलाने की मांग की है। साथ ही प्रार्थना पत्र में संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।


