शिक्षा-पालन-पोषण से वंचित न रहे कोई बच्चा

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से बच्चों को मिल रही आर्थिक मदद

बसरेहर,इटावा। मिशन वात्सल्य के अंतर्गत ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक ब्लॉक सभागार में आयोजित हुई। बैठक में बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

जिला प्रोविजन अधिकारी के निर्देश पर पहुंचे संरक्षण अधिकारी सोहन गुप्ता ने बताया कि जिन बच्चों के पिता अथवा संरक्षक की मृत्यु 1 मार्च 2020 से अब तक हुई है या पिता कैंसर, कुष्ठ, एचआईवी जैसी गंभीर बीमारी के कारण कमाने में सक्षम नहीं हैं उनके आवेदन www.mbsyup.in पर ऑनलाइन कराकर ग्रामीण क्षेत्र से बीडीओ कार्यालय व शहरी क्षेत्र से एसडीएम कार्यालय के माध्यम से प्रोबेशन कार्यालय को प्रेषित करें। पात्र बच्चों को नियमित आर्थिक सहायता दिलाई जा रही है। उन्होंने दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।

बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र बच्चों को हर हाल में लाभ दिलाया जाए। योजना के तहत पात्र बच्चों को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने बच्चों से संबंधित मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का सहयोग लेने की अपील की।

एडीओ दिनेश कुमार ने कहा कि छूटे हुए पात्र बच्चों के शीघ्र आवेदन भरवाए जाएं ताकि वे शिक्षा और स्वास्थ्य के अधिकार से वंचित न रहे। मिथलेश समेत कई आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के आवेदनों की प्रगति और लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों की जानकारी दी।

प्रभारी सीडीपीओ सुमन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपने क्षेत्र में बच्चों की स्थिति पर नजर रखें। कोई समस्याग्रस्त बच्चा मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस का सहयोग लेकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य सेविका आशा कुमारी, सीटू, बीपीएम भरत सहित क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button