लैंडक्राफ्ट सोसाइटी समेत कविनगर क्षेत्र से बाइक चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दो स्प्लेंडर प्लस बरामद

गाजियाबाद। थाना कविनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों बाइक स्प्लेंडर प्लस हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने एक मोटरसाइकिल लैंडक्राफ्ट सोसाइटी और दूसरी बाइक कविनगर क्षेत्र से चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को संभल जिले के मजरा लहरानगल श्याम निवासी भूरे सिंह ने मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, 23 जुलाई 2026 को फर्रुखाबाद जिले के पिथनपुर निवासी रूपेश ने नीले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी होने की तहरीर दी थी। दोनों मामलों में थाना कविनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।

वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 20 सितंबर को पुलिस टीम ने मुखर्जी पार्क के पास औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी क्षेत्र से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन (19) पुत्र राजपाल, निवासी महरौली, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद, मूल निवासी थाना पाली क्षेत्र, हरदोई और जितेंद्र उर्फ बट्टन (करीब 37 वर्ष) पुत्र धीर सिंह, निवासी महरौली, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक मोटरसाइकिल 17 सितंबर 2026 को लैंडक्राफ्ट सोसाइटी से चोरी की थी। वहीं दूसरी बरामद बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने इस बाइक को करीब दो महीने पहले मुखर्जी पार्क क्षेत्र से चोरी करने की बात बताई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में नशे की लत और अपने खर्च पूरे करने के लिए वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button