गणपति लड्डू महोत्सव में गूंजे गणपति के 1000 नाम, संतों ने की लोकमंगल की कामना

गाजियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में चल रहे श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को भगवान श्री गणेश का विशेष अभिषेक, दिव्य शृंगार और सहस्रनाम पूजन किया गया। मंदिर के पीठाधीश्वर एवं दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहन्त नारायण गिरि जी महाराज की अध्यक्षता में हुए धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं ने भाग लिया।

दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री गणेश का विधि-विधान से अभिषेक कराया। इसके बाद गणपति सहस्रनाम पूजन में भगवान श्री गणेश के 1000 पवित्र नामों का उच्चारण करते हुए लड्डू और दूर्वा अर्पित की गई। पूजन के बाद भगवान गणेश का भव्य शृंगार, महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया।

कार्यक्रम में दिल्ली संत महामंडल के महामंत्री महामंडलेश्वर नवल किशोर दास जी महाराज, सचिव महंत कंचन गिरि जी महाराज, महंत धीरेंद्र पुरी जी महाराज, कोषाध्यक्ष एवं लंबे हनुमान मंदिर करोल बाग के महंत रमन गिरि जी महाराज, कोतवाल मंगल दास जी महाराज, प्राचीन देवी मंदिर गाजियाबाद के श्रीमहंत गिरिशानंद गिरि जी महाराज, महंत महेश दास जी महाराज, बाबा लाल मंदिर गाजियाबाद तथा ज्योतिष भवन अयोध्या के राकेश तिवारी जी सहित अनेक संत-महात्मा मौजूद रहे। संतों ने भगवान श्री गणेश का पूजन कर लोकमंगल की कामना की।

विशेष पूजन दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के सचिव आचार्य लक्ष्मीकांत जी, आचार्य नित्यानंद जी, आचार्य रोहित त्रिपाठी जी, आचार्य दीपक सिंह जी और आचार्य अजय दाधीच जी सहित अन्य विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

महोत्सव की व्यवस्थाओं में दूधेश्वर विकास समिति के अध्यक्ष, समाजसेवी एवं उद्योगपति अनुज गर्ग जी की विशेष भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजन की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। महोत्सव का संपूर्ण प्रबंधन श्रीमहंत गौरी गिरि दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर समिति द्वारा किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button