यंग लीडर डायलॉग क्विज प्रतियोगिता सम्पन्न
विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के तहत सम्पन्न हुई प्रतियोगिता

भरथना,इटावा। माय भारत, इटावा एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के तहत शुक्रवार को आर्य श्यामा बालिका कॉलेज और एसएवी इंटर कॉलेज में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता सुबह आठ बजे से शुरू हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
जिला युवा अधिकारी सोनिका चंद्र के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता को राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक आशीष कुमार ने संपन्न कराया। आर्य श्यामा बालिका कॉलेज में हुई प्रतियोगिता में करीब 140 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक आशीष कुमार ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के तहत प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और उन्हें मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के साथ संवाद करने का मौका भी मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल युवाओं के लिए सुनहरा अवसर उपलब्ध करा रहा है। इसके माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा,विचार और सुझावों को मंच प्रदान कर सकते हैं। कॉलेज की प्रधानाचार्य सुलक्षणा यादव ने छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि माय भारत युवाओं को आगे बढ़ाने का बेहतर मंच है। इसी मंच के माध्यम से युवाओं को प्रधानमंत्री के साथ संवाद करने का अवसर मिल सकता है। युवाओं के अभिनव विचार और सुझाव राष्ट्रीय नीतियों एवं विकास योजनाओं में शामिल किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
माय भारत की वॉलंटियर छवि ने बताया कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं को सशक्त बनाने, उनके कौशल का विकास करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इस दौरान सुनीता मिश्रा,मीता श्रीवास्तव,आरती सिंह परिहार समेत कॉलेज का शिक्षक स्टाफ मौजूद रहा।



