कृभको ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर
90 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जसवंतनगर,इटावा। कृभको इटावा द्वारा अंगीकृत ग्राम अजनौरा में निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 90 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया।
मुख्य अतिथि जिला चिकित्सालय इटावा के डॉ.गौरव यादव, एमबीबीएस फिजीशियन ने ग्रामीणों की जांच की। उनके साथ फार्मासिस्ट देवेंदु शुक्ला,मोहित कुमार व वार्ड ब्वाय मो. अली अब्बास ने सेवाएं दीं। इस दौरान कृभको के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव कुमार और ग्राम प्रधान मनोज कुमार मौजूद रहे।
डॉ.गौरव यादव ने ग्रामीणों को साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण और संतुलित खान-पान के प्रति जागरूक किया। वहीं कृभको के क्षेत्र प्रतिनिधि ने किसानों को कृभको के विभिन्न कृषि उत्पादों एवं उनके उपयोग की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने निःशुल्क चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली उपयोगी पहल बताया। अंत में कृभको की ओर से चिकित्सकीय टीम, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।



