अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार: छुरा,चोरी के मोबाइल बरामद

करहल के आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे,सब्जी मंडी से मोबाइल चोरी करने का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने एक अंतरजनपदीय चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का आईक्यूओओ एंड्रॉयड मोबाइल और अवैध लोहे का छुरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार, ग्राम तमेरी की मड़ैया निवासी सूरजभान ने थाने में सूचना दी थी कि नगर की सब्जी मंडी स्थित सूरज जनरल स्टोर से उसका मोबाइल चोरी हो गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था।

अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर बकरा मंडी के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से आईक्यूओओ कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल और लोहे का छुरा मिला।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान बादल सिंह पुत्र महेंद्र सिंह शाक्य निवासी मुहब्बतपुर नगरिया, थाना करहल,जनपद मैनपुरी,उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में की।थानाध्यक्ष के मुताबिक आरोपी के खिलाफ करहल थाने में आबकारी अधिनियम के दो मुकदमों के अलावा सैफई थाने में चोरी का मुकदमा भी दर्ज है। वर्तमान मुकदमे समेत उसके खिलाफ चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

इस कार्यवाही के दौरान उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी,उपनिरीक्षक हेमंत कुमार,कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल रवीश कुमार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button