शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न

महराजगंज, रायबरेली। लखनऊ खंड क्षेत्र के स्नातक एमएलसी व शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए कस्बे के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महराजगंज मतदान केंद्र पर शुक्रवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ।
जीजीआईसी महराजगंज मतदान केंद्र पर शिक्षक विधायक के कुल 108 मतदाताओं के सापेक्ष 70 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं लखनऊ खंड क्षेत्र स्नातक विधान परिषद सदस्य चुनाव में बूथ संख्या 306 पर कुल 667 मतदाताओं के सापेक्ष 372 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं बूथ संख्या 307 पर कुल 700 मतदाताओं के सापेक्ष 328 मतदाताओं ने मतदान किया। स्नातक एमएलसी के दोनों बूथों को मिलाकर कुल 1367 में से 700 वोट पड़े, स्नातक एमएलसी में लगभग 51 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।
इस दौरान मतदान केंद्र पर भाजपा व सपा सहित अन्य प्रत्याशियों का कैंप लगा रहा, जहां दिन भर मतदाताओं व कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही।मतदान के दौरान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धी लाल पासी के साथ महराजगंज में भाजपा प्रत्याशी के पंडाल में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि रायबरेली में दोपहर 12:30 बजे तक लगभग 40 प्रतिशत मतदान हो चुका है, यह मतदाताओं की जागरूकता को दर्शाता है। डबल इंजन सरकार के कार्यों और भाजपा की नीति व रीति की वजह से स्नातक एमएलसी प्रत्याशी अवनीश सिंह व शिक्षक विधायक प्रत्याशी उमेश द्विवेदी के पक्ष में भारी मतदान हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धी लाल पासी, पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रामलाल अकेला, भाजपा नेता दिनेश सिंह राठौर,नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सत्येन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह, शरद सिंह, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा अवस्थी, भाजपा नेत्री नेहा सिंह आनंद, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा, राजेन्द्र मौर्या, सुनील मौर्या सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



