रेड क्रॉस और रोटरी ने शुरू किया बड़ा पोषण अभियान
125 गर्भवती माताओं को बांटी ‘पोषण पोटली’, 50 महिलाओं को मिला प्रोटीन पाउडर

गाजियाबाद। सेवा करने के लिए पद की नहीं, बल्कि सेवा-भाव की जरूरत होती है—इस संदेश को चरितार्थ करते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद और रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 ने संयुक्त रूप से बड़ा पोषण अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में संयुक्त जिला चिकित्सालय, गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 125 गर्भवती माताओं को ‘पोषण पोटली’ तथा 50 महिलाओं को प्रोटीन पाउडर वितरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत रो. स्वाति गुप्ता और डॉ. सुभाष गुप्ता ने एसीपी प्रियाश्री पाल का अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया।
रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद के निवर्तमान सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता ने पद पर न रहते हुए भी पिछले एक वर्ष के दौरान रक्तदान शिविर, क्षय रोगियों की सेवा, कुपोषित बच्चों एवं गर्भवती माताओं के लिए पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सहित अनेक जनसेवा कार्य किए हैं। उनके आह्वान पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 के गवर्नर रो. अमित गुप्ता और डिस्ट्रिक्ट की प्रथम महिला रो. स्वाति गुप्ता ने इस पहल को व्यापक रूप देते हुए डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न क्लबों को इससे जोड़ा।
अपने संबोधन में रो. स्वाति गुप्ता ने गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक भोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए माताओं को स्वस्थ एवं खुश रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं एसीपी प्रियाश्री पाल ने रोटरी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मां की पीड़ा और जरूरतों को समझते हुए ‘पोषण पोटली’ जैसी पहल बेहद सराहनीय है।
मजबूत नेतृत्व से सेवा अभियान को मिला विस्तार
कार्यक्रम में एम.सी. गौड़ ने बताया कि रेड क्रॉस गाजियाबाद के अधिकांश सदस्य रोटरी क्लब से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व के माध्यम से सेवा कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है। रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. अमित गुप्ता ने सभी क्लबों को एकजुट कर इस अभियान में बड़े स्तर पर सहभागिता सुनिश्चित की है।
कार्यक्रम में विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं सदस्य, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 की टीम, स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा वर्कर मौजूद रहीं।



