जंतर-मंतर जाने से पहले समाजसेवी सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

सुल्तानपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्राओं के आंदोलन के समर्थन में प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले गोसाईगंज थाना क्षेत्र के गाना मिश्र का पुरवा, कटका बाजार निवासी कटका क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ को स्थानीय पुलिस ने उनके आवास पर ही एहतियातन हाउस अरेस्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की, ताकि वह दिल्ली के लिए रवाना न हो सकें। सौरभ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को उनके द्वारा सुल्तानपुर में पौधरोपण कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन द्वारिकागंज चौकी पुलिस ने उन्हें किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति नहीं दी और घर पर ही रहने की सलाह दी।
हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, डॉ. सौरभ मिश्र ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत बताया।



