CBSE इंटरमीडिएट परिणाम में मऊ के छात्रों ने लहराया परचम, आदित्य बने जिला टॉपर

सुजीत कुमार मऊ
मऊ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा मंगलवार को घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में मऊ जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सफलता के नए आयाम स्थापित किए। परिणाम घोषित होते ही विद्यालयों में खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों और शिक्षकों ने भी एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
इस वर्ष जिले में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर किंग ईडेन इंटरनेशनल स्कूल के छात्र आदित्य कुमार गौरव ने जनपद में पहला स्थान हासिल किया। आदित्य ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया। अपनी सफलता पर आदित्य ने कहा कि इसका पूरा श्रेय उनके माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को जाता है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन के कारण उन्हें यह सफलता मिली।
वहीं जिले के चंद्रा पब्लिक स्कूल की छात्रा विधि श्रीवास्तव ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में दूसरा स्थान हासिल किया। विधि ने विज्ञान वर्ग में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषयों में जिले में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए विधि ने कहा कि माता-पिता, विद्यालय प्रबंधन, प्रिंसिपल और शिक्षकों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि आगे चलकर वह डॉक्टर बनना चाहती हैं और मेडिकल क्षेत्र में अपना करियर बनाएंगी।
चंद्रा पब्लिक स्कूल का इस वर्ष का परीक्षा परिणाम भी बेहद शानदार रहा। विद्यालय के 15 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों के अनुशासित अध्ययन का परिणाम बताया।
इधर लिटिल फ्लावर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने भी जीव विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की। विद्यालय की छात्रा अरीशा फिरदौस ने 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जीव विज्ञान वर्ग में जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं वाणिज्य वर्ग में विद्यालय के छात्र अंशुमान श्रीवास्तव ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में पहला स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग में विद्यालय के छात्र शिवांश श्रीवास्तव ने 94.2 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि लगातार बेहतर शैक्षणिक माहौल, शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। परिणाम आने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। सफल विद्यार्थियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा अभिभावकों ने भी खुशी जाहिर की।
CBSE इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में जिले के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन से यह साबित हुआ है कि मऊ के छात्र-छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। जिले के इन होनहार विद्यार्थियों की सफलता से अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।



