पार्किंग का खेल या अवैध वसूली, आम आदमी पार्टी ने की जांच की मांग

मऊ। पिछले दिनों रेलवे स्टेशन के परिसर में आटो चालक के साथ हुई मारपीट और एक निर्धारित स्थान से बाहर जाकर की जा रही, अवैध वसूली का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। आम आदमी पार्टी (आप) की मऊ इकाई ने सोमवार को स्टेशन पर प्रदर्शन कर रेल प्रशासन को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को संबोधित यह ज्ञापन संबंधित स्थानीय रेल अधिकारियों के जरिए भेजा गया।

पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्किंग स्टैंड का संचालन करने वाले ठेकेदार निर्धारित सीमा से बाहर जाकर सड़क पर खड़े वाहनों से भी वसूली कर रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि पार्किंग स्टैंड संचालक को आवंटित जगह और नियमों के अनुपालन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके साथ ही, परिसर के बाहर सड़क पर वसूली की शिकायतों में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और संबंधित रेल कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जाए।

मीडिया से बातचीत में आप जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि रेलवे स्टेशन आम यात्रियों की आवाजाही का मुख्य केंद्र है। वहां आने-जाने वाले यात्रियों से निर्धारित शुल्क से ज्यादा वसूलना या बेवजह परेशान करना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पार्किंग की सीमा, दरें और नियम तय हैं, तो सड़क पर खड़े वाहनों से किस आधार पर वसूली की जा रही है? रेलवे प्रशासन को जांच कर स्थिति साफ करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमारी मांग साफ है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। अगर जांच में गड़बड़ी पाई जाती है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। यात्रियों को उनकी सुविधाएं मिलनी चाहिए और स्टेशन पर पारदर्शी व्यवस्था लागू होनी चाहिए।”

पार्टी नेतृत्व ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और यात्रियों की समस्याएं बनी रहीं, तो आम आदमी पार्टी जनहित में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि उनका यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि अव्यवस्था के खिलाफ है। इस दौरान अरमान खान, रीता भारती, अवधेश मौर्य, संजय राजभर, सुमित कुमार समेत पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button