ऑटो में छूटा नगदी-आभूषण भरा बैग
ऑटो चालक की ईमानदारी से सुरक्षित वापस मिला बैग

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला तौर निवासी रिटायर्ड अध्यापक 80 वर्षीय हरे लाल पाल अपनी 75 वर्षीय पत्नी सुहागा देवी के साथ बाजार से खरीदारी कर ऑटो से सिरसागंज क्षेत्र के ग्राम गुराऊ स्थित अपने दामाद के घर जा रहे थे। गुराऊ पहुंचने पर दंपती ऑटो से उतर गए,लेकिन जल्दबाजी में उनका बैग ऑटो में ही छूट गया।
बैग में 70 हजार रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। कुछ देर बाद बैग गायब होने का पता चलने पर बुजुर्ग दंपती के होश उड़ गए और वह काफी परेशान हो गए।
इसी बीच ग्राम मीरखपुर पुठिया के मजरा निवासी ऑटो चालक सतेंद्र यादव को अपने ऑटो में छूटा बैग मिल गया। चालक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को अपने पास रखने के बजाय सीधे थानाध्यक्ष कमल भाटी के पास पहुंचा दिया।
पुलिस ने बैग के स्वामी की तलाश कर बुजुर्ग दंपती को थाने बुलाया। उनकी मौजूदगी में बैग खोलकर देखा गया तो उसमें रखे 70 हजार रुपये और सोने-चांदी के आभूषण सुरक्षित मिले। अपना कीमती सामान वापस पाकर हरे लाल पाल और उनकी पत्नी ने राहत की सांस ली तथा ऑटो चालक सतेंद्र यादव की ईमानदारी की सराहना करते हुए पुलिस का भी आभार जताया।



