Gen Z कनेक्ट यात्रा पहुँची मऊ: नगरा से मधुबन तक सरकारी व्यवस्था की पोल खोली

सुजीत कुमार मऊ।

मऊ। जस्टिस मोर्चा के बैनर तले निकाली जा रही ‘जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा’ अपने 12वें दिन सोमवार को बलिया के नगरा से मऊ जिले के मधुबन क्षेत्र में दाखिल हुई। यात्रा ने ताड़ीबाड़ा गाँव, भीमपुरा, उधरन, रामपुर, मर्यादपुर, फतेहपुर और कटघरा होते हुए अपना सफर तय किया। इस दौरान यात्रा में शामिल युवाओं ने रास्ते में पड़े सरकारी स्कूलों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सार्वजनिक सुविधाओं का जायजा लिया और सरकार के विकास के दावों की जमीनी हकीकत सामने रखी।

स्थानीय लोगों से संवाद, जमीनी मुद्दों पर चर्चा

यात्रा के मऊ पहुँचने पर स्थानीय छात्रों, युवाओं और नागरिकों ने इसका स्वागत किया। जस्टिस मोर्चा के सदस्यों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को जाना। यात्रियों ने बताया कि बलिया और मऊ के ग्रामीण इलाकों में सरकारी सुविधाओं का बुरा हाल है। कई जगहों पर जर्जर स्कूल भवन, डॉक्टरों की कमी से जूझते अस्पताल, बदहाल बस अड्डे और सालों से बंद पड़ी मिलें यह साबित करती हैं कि जमीनी स्तर पर काम नहीं हुआ है।

*वीडियो बनाकर प्रशासन से की शिकायत”

यात्रा में शामिल युवाओं ने बदहाल सरकारी संस्थानों के वीडियो बनाकर उन्हें दर्ज किया। इसके साथ ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई और समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई। यात्रा के संयोजकों का कहना है कि बदहाली की तस्वीरें और आंकड़े यह बताने के लिए काफी हैं कि जमीनी हकीकत सरकारी दावों से काफी अलग है।

10 सूत्रीय मांगों पर समर्थन जुटा रहे युवा

‘जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा’ का मुख्य उद्देश्य युवाओं, शिक्षा और रोजगार के सवालों को केंद्र में लाना है। मोर्चा के सदस्यों ने बताया कि वे हर गांव और कस्बे में लोगों को यात्रा की 10 सूत्रीय मांगों से जोड़ रहे हैं। युवाओं का कहना है कि यह यात्रा केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह आम जनता के हक की आवाज बनने की एक कोशिश है। जब तक युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक रोजगार नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

अक्टूबर को लखनऊ में होगा बड़ा प्रदर्शन

मोर्चा के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि 20 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा मऊ के विभिन्न इलाकों से होते हुए आगे बढ़ेगी। पूरे प्रदेश के अलग-अलग जिलों को कवर करते हुए यह यात्रा 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) को राजधानी लखनऊ पहुँचेगी। लखनऊ में प्रदेश भर से जुटे युवाओं और छात्रों के साथ एक व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहाँ सरकार के समक्ष युवाओं से जुड़े 10 प्रमुख मुद्दों को मजबूती से रखा जाएगा। यात्रा के मऊ क्षेत्र में रुकने के दौरान स्थानीय युवाओं ने भी मोर्चा के अभियान को अपना समर्थन दिया और आने वाले दिनों में यात्रा के साथ मिलकर जन-समस्याओं को उठाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button