बिना दस्ताबेज छात्रों को ढो रही स्कूल वैन सीज

भरथना,इटावा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार को पीटीओ विवेक कुमार ने भरथना क्षेत्र में स्कूली वाहनों की चेकिंग कर वाहनों की फिटनेस और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। चेकिंग के दौरान श्री काली चरण मेमोरियल स्कूल की एक स्कूली वैन में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। वैन चालक जांच टीम के सामने वाहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पीटीओ विवेक कुमार के अनुसार, जांच के दौरान वैन की फिटनेस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, परमिट और इंश्योरेंस समेत कोई भी जरूरी कागज उपलब्ध नहीं था। वाहन के संचालन से संबंधित दस्तावेज न मिलने पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्कूली वैन का 26 हजार 500 रुपये का चालान किया। इसके बाद वैन को सीज कर भरथना थाने में खड़ा करा दिया गया।
पीटीओ ने बताया कि स्कूली वाहनों की नियमित जांच का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले प्रत्येक वाहन का फिट और नियमानुसार होना जरूरी है। इसके लिए वाहन संचालकों को सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने के साथ ही समय-समय पर वाहनों की फिटनेस भी जांच करानी चाहिए।
तीन कार्य दिवस में वाहन दुरुस्त कराने की चेतावनी
पीटीओ विवेक कुमार ने स्कूली वाहन संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन स्कूली वाहनों की फिटनेस,प्रदूषण, परमिट,इंश्योरेंस अथवा अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं हैं,उन्हें तीन कार्य दिवसों के अंदर सभी कमियां दूर कराकर पूरी तरह फिट करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि अनफिट वाहनों को किसी भी स्थिति में बच्चों को लाने-ले जाने के लिए सड़क पर संचालित न किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद भी यदि कोई स्कूली वाहन अनफिट या बिना जरूरी दस्तावेजों के सड़क पर दौड़ता मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को सीज करने के साथ ही संबंधित स्कूल संचालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



