मोहम्मद साहब अल्लाह के आखिरी संदेशवाहक थे: हाजी

जश्ने आमद-ए-मुस्तफा कार्यक्रम में पैगंबर साहब की सीरत पर डाला प्रकाश,आपसी भाईचारे और सद्भाव का दिया संदेश

जसवंतनगर,इटावा।मस्जिद लुधपुरा परिसर में शुक्रवार को जश्ने आमद-ए-मुस्तफा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें इमाम हाजी सईद आलम करहलवी ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत, उनके संदेशों और आदर्श चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इमाम हाजी सईद आलम करहलवी ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब को अल्लाह ने अंतिम संदेशवाहक के रूप में पूरी मानवता के मार्गदर्शन के लिए भेजा। उनसे पहले भी कई पैगंबर आए,जिन्होंने लोगों को अल्लाह की उपासना,सच्चाई और नेक रास्ते पर चलने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब का जीवन पूरी मानवता के लिए आदर्श है। उन्होंने लोगों को आपसी भाईचारे, प्रेम,सद्भाव,न्याय, सच्चाई और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख दी। उनके जीवन में दया,विनम्रता, धैर्य और क्षमा जैसे गुण प्रमुख रहे।

हाजी सईद आलम ने कहा कि 12 रबीउल अव्वल का अवसर पैगंबर साहब की सीरत और उनके संदेशों को समझने का मौका है। धार्मिक आयोजन के साथ उनके बताए सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम और भाईचारा कायम रखने तथा समाज में शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने की अपील की।

Related Articles

Back to top button