पुलिस मुठभेड़ में हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार: एक के दोनों पैरों में लगी गोली
पीपरीपुरा हत्याकांड में पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अंशुल हुआ घायल,साथी सुखवीर गिरफ्तार,दो तमंचे,छह कारतूस और 2 हजार 120 रुपये बरामद

जसवंतनगर, इटावा। पीपरीपुरा में राहुल की गोली मारकर हत्या के मामले में जसवंतनगर पुलिस,एसओजी और सर्विलांस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार,धनुवा रोड पर खुशालपुरा और खेड़ा बुजुर्ग के बीच संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी अंशुल यादव के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसके साथी सुखवीर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल अंशुल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक,20 अगस्त को एसओजी व सर्विलांस और थाना जसवंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम धनुवा रोड, खुशालपुरा एवं खेड़ा बुजुर्ग के मध्य संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंशुल यादव के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद घायल अंशुल और उसके साथी सुखवीर को गिरफ्तार कर लिया गया।
राहुल की हत्या के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा
पीपरीपुरा निवासी श्याम वीर सिंह पुत्र जयवीर सिंह ने जसवंतनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अंशुल पुत्र बलराम,सुखवीर पुत्र अकबर सिंह और उनके अन्य साथियों ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग की। फायर की आवाज सुनकर उनका भतीजा राहुल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर थाना जसवंतनगर में मुकदमा संख्या 237/2026,धारा 103(1),190,191(2), 191(3) और 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे,चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 2 हजार 120 रुपये नकद बरामद किए हैं। मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में थाना जसवंतनगर में मुकदमा संख्या 239/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उपरोक्त गिरफ्तार आरोपियों में अंशुल यादव 25 वर्ष पुत्र बलराम सिंह,व सुखवीर 42 वर्ष पुत्र अकबर सिंह, निवासीगण ग्राम पीपरीपुरा,जसवंतनगर इटावा शामिल हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन,कानपुर एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र,कानपुर के निर्देशन में,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर इटावा अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह ने किया।
पुलिस टीम में एसओजी व सर्विलांस टीम के साथ दूसरी टीम में थानाध्यक्ष कमल भाटी,उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक हेमन्त कुमार,कांस्टेबल आर्य चिकारा,कां.सनोज कुमार,अवनीश कुमार, संजय कुमार,सुशील कुमार और आलोक कुमार वर्मा शामिल रहे।



