पीडीए की सरकार बनते ही पीड़ितों को दिलाया जायेगा न्याय : लाल बिहारी

कुछ महीने ही बची है बीजेपी सरकार : पुष्पेंद्र सरोज

ऊँचाहार, रायबरेली। प्रदेश सरकार भी कुछ महीनों की बची है और पीडीए की सरकार बनते ही पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जायेगा। वहीं इस विषय को विधानसभा व विधान परिषद में भी प्रमुखता से रखेंगे,ये बातें मीडिया से बातचीत के दौरान सपा प्रतिनिधिमण्डल में शामिल कौशाम्बी सांसद पुष्पेंद्र सरोज व विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कही है। ज्ञात हो कि बीती 12 अगस्त को क्षेत्र के बीकरगढ़ गांव निवासी राजू यादव द्वारा कथित रूप से पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने के मामले में बुधवार को सपा का एक प्रतिनिधि मंडल जब गांव पहुंचा तो राजू यादव के परिजनों का दर्द छलक पड़ा ।

परिजनों ने प्रतिनिधि मंडल के सामने पूरी दास्तां सुनाई तो हर कोई हैरान था । परिजनों का आरोप है कि गैर इरादतन हत्या के मामले में राजू के बहनोई और भांजे नामजद थे । जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस राजू को परेशान कर रही थी। उसे पुलिस पकड़कर ले गई और जमकर पीटा गया था। आरोप है कि पुलिस ने बीस हजार रूपये लेकर उसे छोड़ा।

बताते चलें कि बीते दिनों बसवई मजरे कमालपुर गाँव में मारपीट में घायल रामदीन यादव की मौत हो गई थी, जिसमें पुलिस ने मृतक के बेटे राजकुमार की तहरीर पर मामला दर्ज किया था, इसी मामले की विवेचना के दौरान आरोप था कि हत्यारोपी राकेश के साले राजू यादव ने पुलिसिया प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी,जिसके बाद पुलिस ने इसी घटना को लेकर बसवई गाँव के मृतक रामदीन के परिवार के आधा दर्जन लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने व बीकरगढ़ गाँव में राजू यादव की मौत पर हुए हंगामे को लेकर उसके परिवार व रिश्तेदार समेत तीस लोगों पर सड़क जाम करने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया था।

बुधवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल ने बीकरगढ़ व बसवई गाँव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिया। जिसमें शामिल विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव ने पीड़ित परिवार से घटना के सम्बंध में जानकारी हासिल की, और फोन पर पुलिस अधीक्षक रवि कुमार से बातचीत की, इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाई की बात कही, इसके अलावा एसडीएम विवेक राजपूत से वार्ता कर दिये गए आश्वासन के मुताबिक भूमि आवंटन के लिए कहा, जिस पर एसडीएम ने पारिवारिक लाभ, विधवा पेंशन व जल्द ही भूमि आवंटन की बात कही। मृतक राजू की पत्नी प्रतिनिधिमण्डल में मौजूद सदस्यों के सामने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाई को लेकर मांग करती रही और अन्य लोगों ने तीस लोगों पर दर्ज मुकदमे को वापस किये जाने की मांग की, जिस पर प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें आश्वस्त किया। बसवई गांव में मृतक रामदीन के परिजनों से भी प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात कर दर्ज मुकदमे को वापस करवाने का आश्वासन दिया।

इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी, बछरांवा विधायक श्याम सुंदर भारती, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष जगदेव यादव,के अलावा ब्लाक अध्यक्ष विन्देश्वरी पासी, आकाश मौर्या, ओमप्रकाश मिश्रा, देवेंद्र भीमराज, शुभम पाल, देवनाथ पाल, अरसद सुल्तान, डॉ विकास मौर्या, शुभम लोहिया, समेत सैकड़ो नेता व सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button