बेकाबू दो कारें दुकानों में घुसीं: भारी नुकसान
आमने-सामने आने के बाद अनियंत्रित हुईं कारें

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली कस्बा के बड़े चौराहे के पास फक्कड़पुरा मार्ग पर रविवार देर रात करीब दो बजे दो अनियंत्रित कारें दुकानों में जा घुसीं। तेज टक्कर के बाद दुकानों में घुसी कारों से व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ। हादसे में अर्जुन सिंह की सर्राफा दुकान, जगदीश ड्राई क्लीनर्स और इशू लेडीज कलेक्शन सहित कई दुकानों के शटर, तख्त और फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो गए।
बताया गया कि रामलीला मार्ग और छोटे चौराहे की ओर से आ रही दोनों कारें आमने-सामने आ गईं। इसी दौरान चालक वाहनों पर नियंत्रण खो बैठे और दोनों कारें सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसीं। अचानक हुए हादसे से आसपास के इलाके में हलचल मच गई। गनीमत रही कि देर रात का समय होने के कारण बाजार में कोई राहगीर या दुकानदार मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त कारों को दुकानों से बाहर निकलवाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।



