एनटीपीसी ऊँचाहार में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ऊँचाहार। रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुई। इसके बाद कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान, परेड सलामी एवं परेड निरीक्षण के बाद परियोजना प्रमुख ने अपने संबोधन में एनटीपीसी ऊंचाहार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजादी की भावना के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे छोड़े गए। इसके बाद टाउनशिप के विद्यालयों, पीडीएलसी एवं बाल भवन के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार कराटे प्रस्तुति ने भी सभी का उत्साह बढ़ाया। सीआईएसएफ फायर विंग द्वारा तिरंगे के रंगों में वाटर कैनन प्रदर्शन ने समारोह को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
समाज के प्रति सेवा एवं संवेदना की भावना को आगे बढ़ाते हुए स्वतंत्रता दिवस पर जीवन ज्योति अस्पताल में जेसीआई रायबरेली एवं रायबरेली चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कर्मचारियों एवं समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जीवन बचाने की इस पहल में योगदान दिया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण आशुतोष बिस्वास, महाप्रबंधक ऑपरेशन एवं एफएम दिलीप कुमार साहू, मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार, सभी विभागाध्यक्ष, प्रियदर्शिनी लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रश्मि देबता और अन्य वरिष्ठ सदस्या, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति, एकता एवं राष्ट्रीय गौरव का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी सलोनी शर्मा द्वारा किया गया।



