राजनगर सेक्टर-4 में मदर डेयरी का ताला तोड़कर चोरी, 14 हजार की नकदी समेत डेयरी उत्पाद साफ
तड़के शटर आधा खुला देख अस्पताल कर्मचारी ने संचालक को दी सूचना, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

गाजियाबाद। राजनगर सेक्टर-4 में बेखौफ बदमाशों ने मदर डेयरी की दुकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर नकदी और हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। बदमाश गल्ले में रखे करीब 14 हजार रुपये के अलावा देसी घी, मक्खन, मिल्क केक, आइसक्रीम, रबड़ी-रसमलाई, सरसों का तेल समेत अन्य डेयरी उत्पाद भी समेटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी तड़के दुकान का शटर आधा खुला देखकर पास के श्याम अस्पताल के कर्मचारी ने दुकान संचालक को फोन कर दी।
महिंद्रा एंक्लेव निवासी अरविंद कुमार राजनगर सेक्टर-4 में श्याम अस्पताल के सामने मदर डेयरी की दुकान चलाते हैं। अरविंद के मुताबिक, वह 13 अगस्त की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। 14 अगस्त की सुबह करीब चार बजे श्याम अस्पताल के कर्मचारी ने उन्हें फोन कर बताया कि दुकान का शटर आधा खुला हुआ है और आसपास दो-तीन संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही अरविंद करीब सवा चार बजे दुकान पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। दुकान के शटर के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। गल्ला भी खुला हुआ था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 14 हजार रुपये गायब मिले।
इसके अलावा बदमाश दुकान से भैंस और गाय का देसी घी, मक्खन, मिल्क केक, आइसक्रीम, रबड़ी-रसमलाई, सरसों का तेल समेत अन्य सामान भी चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।



