सरफराज अहमद बने शहीद वीर अब्दुल हमीद एसोसिएशन के नए अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

संवाददाता सुल्तानपुर

सुल्तानपुर।शहीद वीर अब्दुल हमीद एसोसिएशन, सुल्तानपुर की पूर्व प्रस्तावित कार्यकारिणी की बैठक मॉडर्न पब्लिक स्कूल गभड़िया में रविवार को संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक में सबसे पहले संस्था की अब तक की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की समीक्षा की गई। इसके बाद संगठन को आगे बढ़ाने के लिए नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संस्था के तत्कालीन अध्यक्ष स्वर्गीय मकबूल अहमद नूरी के निधन से रिक्त हुए अध्यक्ष पद पर नए अध्यक्ष के चयन का प्रस्ताव रखा गया।

संस्था के सचिव गुलाम दस्तगीर कादरी ने अध्यक्ष पद के लिए सरफराज अहमद के नाम का प्रस्ताव रखा। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रस्ताव पर सहमति जताई और सर्वसम्मति से सरफराज अहमद को संस्था का नया अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद संस्था के संरक्षक के रूप में पूर्व तहसीलदार अब्दुल हई, अब्दुल सत्तार एवं अब्दुल गफ्फार की उपस्थिति में अन्य पदों पर जिम्मेदारियां तय की गईं। कार्यकारिणी में जलील अंसारी को उपाध्यक्ष, गुलाम दस्तगीर कादरी को महासचिव, आरिफ हाशमी एडवोकेट को सचिव, खुर्शीद अहमद फारूकी को कोषाध्यक्ष, सरदार कमलजीत सिंह को मीडिया प्रभारी और सलमान इदरीसी एडवोकेट को विधिक सलाहकार बनाया गया।

संगठन को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से नगर कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें मोहम्मद साकिब को नगर अध्यक्ष, जावेद अंसारी को नगर उपाध्यक्ष, मोहम्मद असद को नगर सचिव, सलाहुद्दीन इदरीसी को नगर उप सचिव, गुड्डू जायसवाल को संयोजक, हरिकेश यादव को सहसंयोजक तथा मोहम्मद अफसर को नगर कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

इसी क्रम में लंभुआ नगर पंचायत कार्यकारिणी में सुशील बरनवाल को अध्यक्ष, वाजिद हुसैन फारूकी को उपाध्यक्ष, इरफान फारूकी को मीडिया प्रभारी तथा बिलाल अहमद फारूकी को सचिव मनोनीत किया गया। बैठक में संस्था के सदस्य के रूप में रिजवान अहमद रजा, जुबेर अहमद, इरफान इदरीसी, मोहम्मद वाशिक, कदीर अहमद, मास्टर मोहम्मद अहमद रजा एवं लईक अहमद के नामों को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

नई कार्यकारिणी के गठन के बाद संस्था की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य केवल पदों का गठन करना नहीं, बल्कि शहीद वीर अब्दुल हमीद के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाजहित के कार्यों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना है। सामाजिक सेवा, जरूरतमंदों की सहायता, युवाओं को जागरूक करना और संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान दिवंगत अध्यक्ष मकबूल अहमद नूरी को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। सदस्यों ने उनके योगदान को संस्था की महत्वपूर्ण विरासत बताते हुए उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरफराज अहमद ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि संस्था को एकजुटता, पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयासों से ही संभव है और सभी पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभानी होगी।बैठक का समापन नवगठित कार्यकारिणी को बधाई और संस्था के सामाजिक उद्देश्यों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button