डीएफसी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आया युवक:मौत

भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पाली के पास से गुजर रही डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सैफई पीजीआई भेजा,जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब साढ़े दस बजे पाली गांव के समीप डीएफसी रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 609/07 के पास एक युवक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे के समय ट्रैक पर गश्त कर रहे रेलवे कर्मचारियों ने युवक को गंभीर हालत में देखा और तत्काल संबंधित अधिकारियों के साथ डायल-112 पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सैफई पीजीआई रेफर कर दिया।

उपचार के दौरान घायल की पहचान दीपक उर्फ भीमा 35 पुत्र सुघर सिंह, निवासी गांव कुंवरा के रूप में हुई। सैफई पीजीआई में मंगलवार सुबह करीब सात बजे उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मृतक अपने पीछे पत्नी अनीता, दो बेटियां आरोही और रत्ना तथा एक पुत्र कपिल को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंचे कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक तन्मय चौधरी ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button