बरसात में बीमारियों से बचाव के बताए उपाय, 55 मरीजों को मिली निशुल्क औषधि

जसवंतनगर,इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला के आदेश एवं क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार के निर्देशन में आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ब्लॉक परिसर में आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में चिकित्सकों ने 55 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क औषधियां वितरित कीं। साथ ही वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

शिविर में चिकित्सक डॉ. शीलेन्द्र सिंह एवं डॉ. इंदू सिंह ने मरीजों की जांच कर उन्हें बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। शिविर में उल्टी-दस्त,बुखार, सर्दी-जुकाम,गले के रोग, पेट दर्द,मधुमेह,उच्च रक्तचाप और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित बुजुर्ग,महिलाएं, बच्चे और पुरुष उपचार के लिए पहुंचे।

चिकित्सकों ने बताया कि बरसात के मौसम में दूषित पानी और खान-पान के कारण संक्रमण संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में साफ पानी का सेवन करने,भोजन को ढककर रखने,आसपास सफाई बनाए रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।

शिविर में स्टाफ नर्स शेषा दोहरे,भृत्य जिलेदार, भृत्य रोहित आदि ने उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं में सहयोग किया। अधिकारियों ने बताया कि आयुष आपके द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है l

Related Articles

Back to top button