संगठन सृजन अभियान से कांग्रेस को मिलेगी नई मजबूती : अशोक तंवर
एक माह में पूरी होगी संगठनात्मक चयन प्रक्रिया, सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका

गाजियाबाद। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि यह अभियान पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन में काम करने वाले सक्रिय कार्यकतार्ओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा, जबकि निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह नए कार्यकतार्ओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में अशोक तंवर के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक अफरोज अली, हेमंत प्रधान और सतेंद्र शर्मा मौजूद रहे। प्रेसवार्ता में संगठन सृजन अभियान, पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।
अशोक तंवर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसे पूरे देश में चलाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में भी अभियान की शुरूआत हो चुकी है। गाजियाबाद में सभी कांग्रेस कार्यकतार्ओं और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाया जाए।उन्होंने कहा कि अब संगठन में कामकाज का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। सक्रियता और प्रदर्शन के आधार पर पदाधिकारियों का मूल्यांकन होगा। जो अध्यक्ष और कार्यकर्ता लगातार संगठन के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों को जिम्मेदारी से हटाया जाएगा।
जिला, महानगर और फ्रंटल संगठनों में चयन
पर्यवेक्षक ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत केवल जिला और महानगर स्तर पर ही नहीं, बल्कि पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों में भी चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसका उद्देश्य संगठन में सक्रिय, समर्पित और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकतार्ओं को जिम्मेदारी देना है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकतार्ओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। बूथ और जमीनी स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
चुनाव के लिए भी तैयार कांग्रेस
अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनावों को लेकर भी पूरी तरह तैयार है। संगठन सृजन अभियान के तहत संगठनात्मक प्रक्रिया को एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद मजबूत और सक्रिय संगठन के साथ पार्टी आगामी राजनीतिक गतिविधियों में पूरी ताकत से जुटेगी। उन्होंने कहा कि संगठन में पारदर्शिता, सक्रियता और जवाबदेही बढ़ाना अभियान की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रेसवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीरसिंह जाटव, कांग्रेस नेता सुनील चौधरी, सुशांत गोयल, नवीन कुमार पोले, अश्वनी त्यागी, तरूण रावत, सुरेन्द्र शर्मा, राजाराम भारती आदि मौजूद रहे।



