भरथना में मिट्टी का अवैध खनन जारी
खनन अधिकारी समेत जिम्मेदार बेखबर

भरथना,इटावा l
भरथना कस्बा क्षेत्र के खुशालपुर गांव में बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीते दो दिनों से नियमों को ताक पर रखकर मिट्टी की खुदाई और उसका परिवहन किया जा रहा है। मिट्टी से लदे कई ट्रैक्टर-ट्रॉली के लगातार दौड़ने से ग्रामीणों में भी चर्चा का माहौल है। उक्त खनन के सम्बन्ध में एक विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है l
बताया गया है कि मिट्टी खनन के लिए 27 जुलाई को खेत मालिक के नाम से अनुमति जारी हुई थी। अनुमति पत्र में निजी प्लॉट में मिट्टी भराव कराने का उल्लेख किया गया है। साथ ही, एक ट्रैक्टर का उल्लेख होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद मौके पर आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी का परिवहन किए जाने के आरोप हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अनुमति में हाथों से मिट्टी खोदने की अनुमति होने के बावजूद मौके पर मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। मशीन से जमीन को कई फीट नीचे तक खोद दिया गया है। इसके अलावा सैकड़ों ट्रॉली मिट्टी उठाकर अलग-अलग स्थानों पर प्लॉटों की भराई के लिए भेजे जाने की बात भी सामने आ रही है।
नाबालिगों के हाथों में मशीन और ट्रैक्टर
मामले में सबसे गंभीर बात यह बताई जा रही है कि मौके पर एक नाबालिग ट्रैक्टर चलाता हुआ नजर आया। वहीं मिट्टी खोदने वाली मशीन को भी नाबालिग द्वारा संचालित किए जाने का आरोप है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर नियमों की अनदेखी करते हुए नाबालिगों से मशीन और ट्रैक्टर क्यों चलवाए जा रहे हैं।
एक अनुमति,कई ट्रैक्टरों से परिवहन का सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अनुमति पत्र में एक ट्रैक्टर का उल्लेख है तो मौके पर आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली किस आधार पर मिट्टी का परिवहन कर रहे हैं। यदि मिट्टी वास्तव में किसान के निजी प्लॉट में भराव के लिए ले जाई जा रही है तो इतने अधिक वाहनों से मिट्टी का परिवहन क्यों किया जा रहा है। वहीं,निर्धारित मात्रा से अधिक मिट्टी की खुदाई किए जाने की स्थिति में जिम्मेदारी किसकी होगी,यह भी जांच का विषय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुशालपुर के अलावा कस्बे और आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिट्टी के जरिए प्लॉटों की भराई किए जाने की चर्चा है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अनुमति की शर्तों और वास्तविक खनन की स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग उठ रही है।
जिला खनन अधिकारी से मामले के संबंध में दूरभाष के जरिए जानकारी लेने का प्रयास किया गया,लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका।
एसडीएम ने जांच के दिए निर्देश
इस संबंध में भरथना उपजिलाधिकारी काव्या सी.ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद क्षेत्रीय लेखपाल से मौके की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह है कि जांच में मिट्टी खनन की अनुमति की शर्तों का पालन हुआ या नहीं और यदि नियमों का उल्लंघन मिला तो जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।



