अंतर्राष्ट्रीय यूथ दिवस: छात्रों को दीगई विधिक जानकारी

विधिक साक्षरता शिविर में छात्र-शिक्षकों और अभिभावकों को कानूनी जानकारी देकर किया जागरूक

इटावा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष रजत सिंह जैन के आदेश पर बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय यूथ दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुदिति ग्लोबल अकादमी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

शिविर में छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय के अध्यापक,अभिभावक एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही कानून के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उचित विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

सचिव आरती द्विवेदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में कानूनी जागरूकता का प्रसार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कानून का पालन करने और अपने आसपास के लोगों को भी विधिक जानकारी देने का आह्वान किया।

पराविधिक स्वयंसेवकों ने भी विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली विधिक सहायता एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को न्याय व्यवस्था और विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Related Articles

Back to top button