पुलिस ने बरामद किए 101 मोबाइल फोन: पीड़ितों को सौंपे

सर्विलांस और एसओजी टीम ने की थी कार्रवाई

इटावा। पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में बड़ी कामयाबी हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर सर्विलांस सेल और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों के 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद मोबाइल फोन को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिया गया।

एसएसपी ने इस मामले मेंगलवार दोपहर पुलिस लाइन में प्रेस कर बताया कि जनता द्वारा अपने गुम हुए मोबाइल फोन के संबंध में लगातार प्रार्थना पत्र दिए जा रहे थे। इन प्रार्थना पत्रों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस सर्विलांस टीम को खोजबीन का निर्देश दिया गया था। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल कार्यवाही के माध्यम से मोबाइल फोनों की लोकेशन ट्रेस की और उत्तर प्रदेश के कई जनपदों तथा दिल्ली से मोबाइल बरामद किए।

एसएसपी ने यह भी बताया कि मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। घटना का सफल अनावरण करने वालो में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक बेचन कुमार सिंह (प्रभारी एसओजी),उपनिरीक्षक नागेन्द्र सिंह (प्रभारी सर्विलांस) हेड कांस्टेबल कुलदीप यादव,राशिद खाँ, जगपाल,कांस्टेबल आनंद कुमार,अनुज कुमार, अंकित,सुरजीत,अरविन्द कुमार,आदेश कुमार,डेविड चौहान,पुष्पेन्द्र मौजूद रहे। मोबाइल प्राप्त करने वाले पीड़ितों ने कहा कि रोजमर्रा के काम, बैंकिंग, पहचान और संपर्क के लिए मोबाइल अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे वापस पाना उनके लिए बड़ी राहत है और यह पुलिस पर जनता के भरोसे को और मजबूत करता है।

Related Articles

Back to top button