बम्बा की पुलिया पर जमा कूड़ा हटाया गया
350 बीघा कृषि भूमि स्वामियों को मिली राहत

जसवंतनगर,इटावा l जगसोरा और पचपेड़ा के पास बंबे की पुलिया में जमा कूड़ा-कचरा हटने के बाद करीब दो दर्जन किसानों की 350 बीघा फसल को जलभराव से राहत मिल गई। खेतों में पानी भरने और धान की फसल खराब होने की खबर प्रकाशित होने के बाद सिंचाई विभाग हरकत में आया। एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह के निर्देश पर मंगलवार को विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिया और बंबे की सफाई कराई।
पुलिया में जमा कूड़ा से पानी हुआ था बन्द
तीन दिन पहले जगसोरा और पचपेड़ा के पास बंबे की पुलिया कूड़ा-कचरा जमा होने से अवरुद्ध हो गई थी। पानी की निकासी रुकने से आसपास के खेतों में जलभराव हो गया था। करीब 350 बीघा जमीन में खड़ी धान की फसल प्रभावित होने की स्थिति में पहुंच गई थी। किसानों ने मामले की शिकायत एसडीएम से की थी।
स्टार एक्सप्रेस खबर का असर
किसानों की समस्या को आपके अपने हिंदुस्तान समाचार पत्र ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल बंबे की सफाई कराने के निर्देश दिए। मंगलवार को कर्मचारियों ने पुलिया में जमा कूड़ा-कचरा बाहर निकाला और पानी की निकासी सुचारु कराई।
पानी निकलने से किसानों को मिली राहत
सफाई के बाद बंबे से पानी की निकासी शुरू हो गई और खेतों में जमा पानी धीरे-धीरे निकलने लगा। इससे किसानों ने राहत की सांस ली। किसान जितेंद्र पाल, महेंद्र पाल, पवन सिंह, धीरेंद्र बाबू, कमलेश, राकेश कुमार, शिवमंगल और विनोद कुमार ने बताया कि समय रहते पुलिया की सफाई नहीं होती तो धान की फसल को भारी नुकसान हो सकता था।
किसानों का आरोप था कि बंबे में मानक से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण खेतों में जलभराव हो रहा था। साथ ही पुलिया की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित थी। समस्या का समाधान होने पर किसानों ने खबर प्रकाशित कर प्रशासन और सिंचाई विभाग का ध्यान आकर्षित कराने के लिए हिंदुस्तान समाचार पत्र का आभार जताया।



