बालक-बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह
सिसहाट में एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न

जसवंतनगर,इटावा। युवा भारत केंद्र के तत्वावधान में क्षेत्र के ग्राम सिसहाट में एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को मंच प्रदान करने तथा उनमें खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बालक और बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
वॉलीबॉल बालक वर्ग के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार स्मैश और सर्विस से दर्शकों से खूब तालियां बटोरते हुए फ़ायनल की विजेता रही। दूसरी ओर कबड्डी बालिका वर्ग का मुकाबला कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना, जिसमें सुघर सिंह इंटर कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज को 34–22 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
जिला युवा अधिकारी सोनिका चंद्रा ने बताया कि लंबी कूद बालक वर्ग में शिवम प्रथम और सुमित द्वितीय स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में अनुज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शिवम यादव दूसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में रुखसत ने प्रथम और कविता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
बैडमिंटन बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला भी बेहद रोमांचक रहा, जिसमें परी शुक्ला ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रिया को 11–7 से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र पाल सिंह, युवा कल्याण मंडल अध्यक्ष निहुल यादव सहित कई पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। अंत में विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।



