नगर में घर-घर पहुंचेगी कूड़ा संग्रहण सेवा, आठ नए वाहनों को मिली हरी झंडी

जसवंतनगर,इटावा। नगर पालिका परिषद ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आठ नए कूड़ा संग्रहण वाहनों को संचालन के लिए रवाना किया। फक्कड़पुरा स्थित नगर पालिका की पानी की टंकी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि करीब 60 लाख रुपये की ज्यादा की लागत से खरीदे गए इन आठ वाहनों के संचालन से घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे नगर में सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में नगरवासियों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज ने बताया कि सभी वाहनों की निगरानी सफाई प्रभारी रामसिया करेंगे। सफाई कर्मी अब निर्धारित समय के अनुसार अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचकर घरों से सीधे कूड़ा एकत्र करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे तय समय पर पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही कचरा दें और सड़कों, नालियों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से बचें। इससे नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ-साथ लोगों में जागरूकता बढ़ाने का भी लगातार प्रयास कर रही है। घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था प्रभावी होने से खुले में कचरा डालने की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में नगर पालिका सभासद अधिकारी, कर्मचारी और सफाई कर्मी मौजूद रहे। समारोह के दौरान स्वच्छता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।



