ईडब्ल्यूएस परिवारों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह, भविष्य में भी जारी रहेंगे जनसेवा अभियान

गाजियाबाद। स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिराज फाउंडेशन के सहयोग से गणेश अस्पताल द्वारा नंदग्राम के ई-ब्लॉक में निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 200 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
बिराज फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. बिराज सिंह ने बताया कि नंदग्राम क्षेत्र में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) परिवार निवास करते हैं। ऐसे लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के निशुल्क शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी जनहित के ऐसे अभियान लगातार चलाती रहेगी।
गणेश अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. प्रतीक शर्मा ने कहा कि अस्पताल अपने सामाजिक दायित्व के तहत समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा मिल सके।
शिविर के दौरान मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विमल कुमार यादव एवं डॉ. रामोद यादव का विशेष सहयोग रहा। वहीं गणेश अस्पताल की ओर से डॉ. ललित, डॉ. नमरीन, योगेश, निधि, राहुल और मोहन सहित चिकित्सा एवं सहयोगी स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।



