ऊँचाहार में अपने सबाब पर है पुलिसिया उत्पीड़न : प्रो० डॉ रूदल यादव

ऊँचाहार, रायबरेली। बुधवार को समाजवादी पार्टी के शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व विधानसभा प्रभारी प्रोफेसर डॉ रूदल यादव ने एक बयान देकर कहा है कि विधानसभा ऊंचाहार में पुलिसिया उत्पीड़न और फर्जी मुकदमों का दौर अपने सबाब पर है। सामाजिक परिवर्तन को समर्पित समाजवादी कार्यकर्ताओं के संघर्ष की आवाज को उत्पीड़न की राजनीति में कुछ डी.लिट. उपाधि धारक नेता फर्जी मुकदमा कायमकर दबाना चाहते हैं।
बीते 20 मार्च को ग्राम छिछौरा मजरे अलावलपुर ऊँचाहार रायबरेली में कतिपय बैंक कर्मियों और क्षेत्र के कुछ दबंगों द्वारा वित्तीय लेन देन के प्रकरण में मानसिक दबाव बनाने के कारण सुरेश कुमार पटेल का दिल का दौरा पड़ जाने से मृत्यु हो गई। परिजनों ने थाना जगतपुर में तहरीर देकर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्जकर कानूनी कार्यवाही करने का निवेदन किया लेकिन संवेदन शून्य पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की जिससे नाराज ग्रामीणों ने शव को लेकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया और पुलिस को बीते 22मार्च को प्राथमिकी दर्ज करना पड़ा।
अब 23 मार्च को कोतवाली जगतपुर की पुलिस पीड़ित परिवार के सदस्यों, कुछ जागरूक शिक्षकों और भोले भाले ग्रामीणों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पूर्व प्रकरण को शिथिल करने और इन पीड़ितों का पुलिसिया उत्पीड़न करने की तयारी में है और जिम्मेदार मूकदर्शक हैं। पुलिस प्रशासन ऊँचाहार विधानसभा के सपा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का खेल बंद कर दे अन्यथा मजबूर होकर समाजवादी शिक्षक सभा जनपद में एक व्यापक जनांदोलन खड़ा करेगी।



