कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा शुरू

कारसदेव खाटूश्याम मंदिर भक्ति गीतों और जयघोष से गूंजा,दो अगस्त को होगा विशाल भंडारा

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम बलरई स्थित प्रसिद्ध चिंताहरण धाम कारसदेव खाटूश्याम मंदिर में शनिवार को भक्तिभाव के बीच श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो गया। शुभारंभ के अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

सुबह मंदिर परिसर से कलश यात्रा शुरू हुई। सिर पर कलश धारण किए दर्जनों महिलाओं ने भक्ति गीतों और “बोलो खाटू श्याम की जय” के जयघोष के साथ पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की आस्था देखकर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

मंदिर के महंत सुनील महाराज ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 25 जुलाई से 1 अगस्त तक किया जाएगा। कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कथाव्यास निशांत कृष्ण जी महाराज अपने श्रीमुख से कराएंगे। प्रतिदिन कथा के बाद भजन-कीर्तन का भी आयोजन होगा।

उन्होंने बताया कि कथा के समापन पर 2 अगस्त को विशाल भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

महंत ने बताया कि चिंताहरण धाम पिछले दो माह से अधिक समय से आस्था का बड़ा केंद्र बना हुआ है। दूर-दराज से श्रद्धालु शरीर में दर्द, पथरी, पाइल्स, संक्रमण सहित अन्य शारीरिक समस्याओं के समाधान के लिए यहां पहुंच रहे हैं। मंदिर में झाड़-फूंक और मंत्रोपचार के माध्यम से आध्यात्मिक उपचार किया जाता है।

आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। पूरे मंदिर परिसर को फूलों और लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button