चेन्नई में आलू खरीदार – विक्रेता बैठक का आयोजन

खरीदार - विक्रेता बैठक के दौरान व्यापारियो के बीच लगभग 2700 मीट्रिक टन आलू की खरीद के लिये 9 समझौते किये गये।

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता

लखनऊ. उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिकी सहकारी विपणन संघ ने 18 सितंबर को कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण, उद्यान विभाग तथा कृषि विभाग विभाग, तमिलनाडु सरकार के सहयोग से चेन्नई में आलू खरीदार – विक्रेता बैठक का आयोजन किया। इस बैठक का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में उगाई जाने वाली व्यावसायिक आलू किस्मों जैसे कुफ़री बहार, कुफ़री बादशाह, कुफ़री आनंद, कुफ़री चिपसोना – 1 और 3, कुफ़री सिंदूरी, कुफ़री पुखराज, कुफ़री सतलुज और कुफ़री सूर्य को घरेलू बाजारों में बढ़ावा देना तथा तमिलनाडु राज्य से निर्यात की संभावनाओं को पहचानना था। खरीदार – विक्रेता बैठक के दौरान व्यापारियों के बीच लगभग 2700 मीट्रिक टन आलू की खरीद के लिये 9 समझौते किये गये।

कार्यक्रम में लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें उत्तर प्रदेश के आलू किसान, तमिलनाडु के निर्यातक तथा कोयमबेडु मार्केट, ईरोड आदि के व्यापारी शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिकी सहकारी विपणन संघ के प्रबंध निदेशक ने की। अन्य प्रतिभागियों में एपेडा, चेन्नई के क्षेत्रीय प्रमुख, उद्यान विभाग के अपर निदेशक तथा तमिलनाडु सरकार के कृषि (एग्री-बिज़नेस) के उपनिदेशक शामिल थे।

उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के अधिकारियों ने राज्य में उगाई जाने वाली आलू की विभिन्न किस्मों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके उपरांत उत्तर प्रदेश के किसानों ने आलू की किस्मों की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी और तमिलनाडु के व्यापारियों और निर्यातकों को आलू की आपूर्ति करने की इच्छा व्यक्त की।

कुछ निर्यातकों ने भी आलू की अपनी आवश्यकताओं के बारे में प्रतिभागियों को बताया और उन किस्मों की जानकारी मांगी जो टेबल उपयोग और वैल्यू एडिशन के लिए उपयुक्त हैं। इस संबंध में किसानों तथा उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिकी सहकारी विपणन संघ के अधिकारियों ने उचित स्पष्टीकरण दिया।

Related Articles

Back to top button