तीन सड़क हादसों में तीन घायल: दो सैफई रेफर

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में एक बुजुर्ग समेत तीन लोग घायल हो गए। एक बुजुर्ग डंपर की टक्कर का शिकार हुए, जबकि दो अन्य युवक बाइक फिसलने और ट्रक का टायर बदलते समय घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार कराया गया, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर सैफई पीजीआई रेफर किया गया।

बुधवार को जसवंतनगर क्षेत्र अन्तर्गत बलरई मार्ग पर ग्राम नगला विशुन निवासी 60 वर्षीय आदिराम बाइक से दवा लेने जसवंतनगर आ रहे थे। ज्वालापुर की मड़ैया के सामने मौरंग से भरे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और आदिराम सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला, लेकिन राहगीरों की सूचना पर धरवार चौकी पुलिस ने बलरई नहर पुल के पास डंपर को पकड़कर कब्जे में ले लिया। घायल को उनके पुत्र मुन्नालाल ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दूसरा हादसा मंगलवार रात करीब आठ बजे मोहल्ला रेल मंडी स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास हुआ। यहां बाइक फिसलने से मोहन की मढ़ैया निवासी 30 वर्षीय सौरभ कुमार पुत्र विष्णु कुमार घायल हो गए। एंबुलेंस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया।

वहीं मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक का टायर बदलते समय जैक फिसल जाने से महलई टोला निवासी 38 वर्षीय मोहम्मद पुत्र बाबुद्दीन का दाहिना हाथ ट्रक के नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button