समरसेबल पंप में खराबी से पेयजल आपूर्ति ठप

जसवंतनगर,इटावा। नगर के लुधपुरा स्थित पानी की टंकी पर लगे ट्यूबवेल के समरसेबल पंप में तकनीकी खराबी आने से कई मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

सोमवार को पंप खराब होने के बाद रेल मंडी, लुधपुरा,मोहन की मढ़ैया,नई बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बंद हो गई। इससे हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

जलापूर्ति ठप होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। पेयजल के साथ-साथ घरेलू कार्यों के लिए भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई परिवार हैंडपंप और अन्य वैकल्पिक स्रोतों से पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से जल्द जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

नगर पालिका के जलकल प्रभारी निरीक्षक विनय सागर ने बताया कि समरसेबल पंप में गंभीर तकनीकी खराबी आने के कारण उसकी मरम्मत संभव नहीं है। इसलिए पुराने पंप को हटाकर नया समरसेबल पंप लगाया जा रहा है। मरम्मत और प्रतिस्थापन का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है,ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जा सके।

जलकल विभाग के सहयोगी लाल कुमार यादव ने बताया कि यदि कार्य निर्धारित समय के अनुसार पूरा हो गया तो बुधवार शाम तक रेल मंडी,लुधपुरा,मोहन की मढ़ैया,नई बस्ती सहित सभी प्रभावित मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति पुनः सुचारु कर दी जाएगी। विभाग ने नागरिकों से सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि कार्य पूरा होते ही नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button