कुल्हाड़ी-लाठी-डंडों से हमला:तीन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में युवक पर धारदार कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पाली खुर्द गांव निवासी दुर्गेश उर्फ रौकी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 जुलाई की शाम वह खेत की ओर जा रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में प्रदीप,दिलीप कुमार और कप्तान सिंह,निवासी पाली कलां,ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी वजह के कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वह शिकायत करने थाने जा रहे थे, तब आरोपियों ने रास्ते में दोबारा उन्हें घेरने का प्रयास किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



