संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला किशोरी का शव

ऊँचाहार, रायबरेली। संदिग्ध परिस्थितियों में एक किशोरी का शव फांसी के फंदे से लटकते हुए मिला है, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पूरे पासिन मजरे मतरौली गाँव के उमेश कुमार की बेटी कुसुम 16 वर्ष ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली, जिसका शव रविवार की सुबह घर के भीतर कमरे की छत पर लगे पंखे के हुक से साड़ी के सहारे लटकते हुए पाया गया,सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।बताया जा रहा है कि शनिवार की देर रात कुसुम परिवार के साथ गाँव में निमंत्रण कार्यक्रम से घर वापस लौटी थी।घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
इस बाबत कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ,रिपोर्ट आने पर असली कारणों का पता चल सकेगा।
————————————–
ट्रांसफार्मर में अचानक लगी भीषण आग
ऊँचाहार, रायबरेली। नगर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पोस्ट ऑफिस के पास स्थित एक मुख्य बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर आग के गोले में तब्दील हो गया और धू-धू कर जलने लगा।

आग इतनी भयानक थी कि आसमान में काले धुएं का गुबार दूर से ही देखा जा सकता था। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना तहसील प्रशासन और बिजली विभाग को दी। आग की गंभीरता को देखते हुए तहसील स्थित फायर ब्रिगेड के साथ-साथ एनटीपीसी की फायर ब्रिगेड टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
आगजनी की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी आलोक ,विनीत और जेई अनुपम त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग बुझने के तुरंत बाद विभाग द्वारा मरम्मत और बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया। अवर अभियंता ने बताया कि ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था कर नगर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।”
इस घटना के कारण ऊंचाहार नगर के निवासियों को भीषण गर्मी में घंटों तक बिना बिजली के रहना पड़ा, जिससे दैनिक कामकाज प्रभावित हुआ। फिलहाल विभाग की टीमें युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।



