माता-पिता के बिना संघर्षों से लड़े अनमोल

पहले ही प्रयास में दरोगा पद पर हुआ चयन

भरथना,इटावा। कड़ी मेहनत,संघर्ष और बुलंद हौसलों के दम पर भरथना क्षेत्र में तैनात सिपाही अनमोल जायसवाल ने बड़ी सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा का 14 जुलाई को घोषित परिणाम उनके जीवन की नई शुरुआत लेकर आया। पहले ही प्रयास में उनका चयन उपनिरीक्षक (दरोगा) पद पर हो गया। परिणाम घोषित होते ही परिवार,शुभचिंतकों और पुलिस विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई।

रायबरेली निवासी अनमोल जायसवाल, स्वर्गीय प्रेमचंद्र जायसवाल के बेटे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायबरेली में ही हुई। बचपन में ही जीवन ने उन्हें बड़े संघर्षों से रूबरू कराया। करीब सात वर्ष पहले बीमारी के चलते उनकी मां सुशीला का निधन हो गया, जबकि लगभग पांच वर्ष पहले पिता का भी साया सिर से उठ गया। माता-पिता के निधन के बाद अनमोल अपने छोटे भाई आदर्श के साथ अमेठी में अपने मामा अशोक जायसवाल के घर रहने लगे।

विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अनमोल ने हार नहीं मानी। कठिन संघर्ष के बीच पढ़ाई जारी रखी और पहले ही प्रयास में उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण कर पुलिस विभाग में चयनित हुए। प्रशिक्षण के बाद उनकी तैनाती भरथना कोतवाली में हुई।

भरथना कोतवाली में ड्यूटी निभाने के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी। व्यस्त पुलिस ड्यूटी के बीच समय निकालकर उन्होंने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी की और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर अपने संघर्ष को मुकाम तक पहुंचाया।

14 जुलाई को जैसे ही उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ और अनमोल के चयन की खबर मिली,उनके परिजनों,रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। भरथना थाने में भी सहकर्मी सिपाहियों और अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह सहित पूरे पुलिस स्टाफ ने अनमोल जायसवाल को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथियों ने कहा कि अनमोल की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां कभी भी मंजिल की राह नहीं रोक सकतीं। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। अनमोल जायसवाल की यह सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button