जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम ने मौके पर भरवाए अंत्योदय व पेंशन के फार्म

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांडड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। बड़ी संख्या में नागरिकों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे, राजस्व संबंधी मामलों, भूमि धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपे।
डीएम ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी एक योजना के लिए आवेदन करता है तो अधिकारी यह भी जांच करें कि वह व्यक्ति अन्य योजनाओं के लिए पात्र है या नहीं। पात्रता होने पर उसे अन्य योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाया जाए।
जनसुनवाई में डीएम की त्वरित पहल भी देखने को मिली। एक महिला ने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और पेंशन की मांग रखी। डीएम ने तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर महिला का अंत्योदय कार्ड और पेंशन के फार्म मौके पर भरवाए तथा आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
वहीं एक विधवा महिला ने डीएम के माध्यम से पहले पांच सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर आभार जताया और आवास उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर डीएम ने जल्द आवास दिलाने का आश्वासन दिया। एक दिव्यांग महिला ने भी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।



