भूकंप और औद्योगिक आपदा से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण, गाजियाबाद में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल

गाजियाबाद। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के सौजन्य से शुक्रवार को जिले में भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) आपदा और अग्निकांड से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसके तहत एटीएस एडवांटेज, अहिंसा खंड-1 इंदिरापुरम और केएन मोदी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस, मोदीनगर में भूकंप आपदा का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया, जबकि बीपीसीएल प्लांट, लोनी में औद्योगिक/रासायनिक आपदा का अभ्यास कराया गया।

मॉक ड्रिल जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांडड़ के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए कराई गई। अभ्यास के दौरान अधिकारियों और बचाव दलों की तैनाती, सूचना तंत्र को सक्रिय रखने, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने तथा जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव दलों को मौके पर पहुंचाने की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।

मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, सिविल डिफेंस और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन समेत संबंधित विभागों ने भाग लिया। इस दौरान आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल, संचार व्यवस्था और राहत-बचाव टीमों की कार्यप्रणाली को भी परखा गया।

अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अंजनी कुमार ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य वास्तविक आपदा के दौरान विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय, सुरक्षित निकासी, बचाव कार्य और प्राथमिक उपचार की तैयारियों को जांचना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलती है।

Related Articles

Back to top button