वैक्सीन सुरक्षा पर उठे सवाल: नागरिकों ने दिखाई नाराजगी
बिना निगरानी घंटों पड़े रहे वैक्सीन बॉक्स,स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कस्बे के मोहल्ला लुधपुरा स्थित जैन मंदिर के सामने बच्चों को पोलियो अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लाया जाने वाला वैक्सीन बॉक्स कथित रूप से घंटों तक बिना किसी स्वास्थ्यकर्मी की निगरानी के पड़ा रहने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने इसे स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार टीकाकरण कार्य के लिए संबंधित कर्मचारी सुबह वैक्सीन बॉक्स को जैन मंदिर के सामने बनी पटिया पर रखकर चले जाते हैं। इसके बाद काफी देर तक वहां कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं रहता। शाम को निर्धारित समय पूरा होने पर कर्मचारी वापस आकर बॉक्स अपने साथ ले जाते हैं।
लोगों का आरोप है कि इस दौरान वैक्सीन बॉक्स पूरी तरह असुरक्षित अवस्था में खुली जगह पर पड़ा रहता है, जिससे वैक्सीन की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मामले में इस प्रकार की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।



