अवैध खनन कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
अवैध खनन के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई तेज

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम परसौआ में शनिवार रात पुलिस ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। पुलिस को मौके पर पहुंचता देख खनन में लगे लोग जेसीबी मशीन और अन्य वाहन लेकर फरार हो गए। उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने बताया कि पुलिस को परसौआ गांव में अवैध मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां जेसीबी मशीन और कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था।
पुलिस टीम को देखते ही खनन में शामिल चालक अपने वाहन लेकर मौके से भाग निकले। इस दौरान पुलिस ने मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।
पुलिस ने मामले की सूचना संबंधित विभाग को दे दी है। साथ ही अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।



