पुलिस मुठभेड़ में बड़ा मोड़: अपने ही साथी की गोली से गिरा इनामी बदमाश

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पुलिस को लंबे समय से जिस इनामी बदमाश की तलाश थी, वह आखिरकार पकड़ा गया। हैरानी की बात यह रही कि यह बदमाश पुलिस की गोली से नहीं बल्कि अपने ही साथियों की गोली से घायल हुआ। पकड़े गए बदमाश का नाम शिवानंद उर्फ शिवा है, जिस पर मऊ जनपद के विभिन्न थानों में कुल 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
शिवानंद उर्फ शिवा मऊ जिले के थाना सरायलखंसी क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, अदारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में तीन बदमाश मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हुई और तीनों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान जब बदमाशों ने पुलिस को अपनी ओर आते देखा तो घबराकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग के दौरान एक बड़ा मोड़ तब आया, जब बदमाशों में से एक की गोली उसके ही साथी शिवानंद को जा लगी। गोली शिवानंद के हिप यानी पीठ के निचले हिस्से में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। शिवानंद को घायल अवस्था में छोड़कर उसके दोनों साथी बदमाश वहां से फरार हो गए।
घायल बदमाश को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे मऊ जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर मऊ के अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि शिवानंद उर्फ शिवा पर 15 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग की, लेकिन इसी दौरान साथी बदमाश की गोली शिवानंद को लग गई। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश का इलाज कराया जा रहा है और फरार हुए दोनों बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



