ज्ञापन सौंपकर रिपोर्ट दर्ज करने की रखी मांग

जसवंतनगर के मुस्लिम समाज ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

जसवंतनगर,इटावा। पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) एवं उम्मुल मोमिनीन के संबंध में नाजिया इलाही द्वारा कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में जसवंतनगर के मुस्लिम समाज के लोगों ने संविधान एवं कानून के दायरे में शांतिपूर्ण मार्च निकालकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर विधि के अनुसार एफआईआर दर्ज की जाए तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कहा गया कि कथित टिप्पणियों से देश-विदेश के करोड़ों मुसलमानों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिससे समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से किया गया है और वे न्यायिक प्रक्रिया तथा कानून के शासन में पूर्ण विश्वास रखते हैं।

ज्ञापन देने वालों में एडवोकेट जामिन खान, हाजी नसीम सिद्दीकी, इफ़्तेखार फारूकी, पाक मोहम्मद, अब्दुल हक़, अब्दुल्लाह अंसारी, जेनुल आब्दीन, नाज़िम, समीम खान, आसिफ, जुनेद सिद्दीकी, फ़राज़ वारसी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

महिलाओं में असगरी फातिमा, तराना बेगम, इमरोज़ बेगम, अंजुम, रहीसा तथा अन्य महिलाओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button