परसौआ में अचानक भड़की आग: ग्रामीणों ने पाया काबू

भीषण आग से झोपड़ी हुई राख,तीन पशु झुलसे

जसवंतनगर,इटावा। परसौआ में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने एक परिवार की झोपड़ी को जलाकर राख कर दिया। हादसे में झोपड़ी में बंधे तीन पशु भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुनील कुमार पुत्र सुभाष चंद्र सविता की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद झोपड़ी में बंधे पशुओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक गाय, एक भैंस और एक बछड़ा गंभीर रूप से झुलस चुके थे। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों और संपत्तियों को नुकसान होने से बचाया जा सका।आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। हादसे में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा झुलसे पशुओं के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button