आस्था के भंडारा में गाली-गलौज बवाल: सात घायल
रंजिशन दो सगे भाइयों में हुआ विवाद, जमकर चले लाठी-डंडे

ब्रिजना,इटावा। भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुर कुसना में मंगलवार देर रात भागवत कथा के भंडारे के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चल गए। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खानपुरा निवासी बासुदेव ने बताया कि उनके चाचा रामनाथ सिंह के यहां 9 जून से 15 जून तक भागवत कथा का आयोजन हुआ था,16 जून को भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि देर रात करीब 10 बजे उनके सगे भाई अपने बेटों के साथ शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया,जिसमें वह, उनकी पत्नी और बेटी रोशनी घायल हो गईं।
वहीं दूसरे पक्ष के नाहर सिंह का कहना है कि वह भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर रहे थे,तभी उनके भाई ने पुरानी रंजिश के चलते उनके और उनके बेटों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों को भी पीटा गया। घटना में वह स्वयं, उनकी भाभी तथा दो भतीजियां घायल हुई हैं।
मारपीट बढ़ने पर ग्रामीणों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और सभी घायलों को सीएचसी भरथना भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बासुदेव की पत्नी और बेटी रोशनी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



