शादी में मामा-फूफा भिड़े: चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
रंग में भंग से मची अफरा तफरी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कटखेड़ा में शादी समारोह के दौरान खाना खाते समय हुई कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना में मामा और फूफा पक्ष आमने-सामने आ गए। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगला करन,कोतवाली जिला फिरोजाबाद निवासी रासी उर्फ अंकिता पत्नी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह 19 फरवरी को अपने भाई गौतम के साथ अपने मामा सोवरन सिंह के यहां शादी में शामिल होने आई थीं। रात में भोजन के दौरान भाई गौतम से कहासुनी हो गई। आरोप है कि मेरे मामा के पुत्र अनिल व शिवकुमार पुत्रगण सोवरन सिंह तथा उनके साले सन्नी व पंकज पुत्रगण छोटे लाल उर्फ रामनिवास ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे,उसके पिता,भाई व बच्चों के साथ मारपीट कर चोटिल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।



