एसपी चारू निगम ने राष्ट्रीय विजेता ताइक्वांडो खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

नेशनल प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों और कोच अमीना बानो की सराहना, मिठाई खिलाकर किया सम्मानित

सुलतानपुर। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, हल्द्वानी में आयोजित 13वीं ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले अमीना ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों का पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारू निगम ने सम्मान कर उत्साहवर्धन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा कोच अमीना बानो की मेहनत और समर्पण की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सुलतानपुर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन से आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।एसपी चारू निगम ने अमीना ताइक्वांडो अकादमी की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी अकादमी द्वारा बच्चों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना बेहद सराहनीय कार्य है। उन्होंने प्रशिक्षिका अमीना बानो के समर्पण और मार्गदर्शन को खिलाड़ियों की सफलता का प्रमुख आधार बताया।

प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल्ड एवं 4 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिले का मान बढ़ाया। मान्यता और प्रज्ज्वल ने गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि प्रियांशु तिवारी, सत्यांश आर श्रीवास्तव, साक्षी एवं यथार्थ मौर्या ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जनपद को गौरवान्वित किया।सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा। खिलाड़ियों ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे प्रोत्साहन से जिले में खेल प्रतिभाओं को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है।

Related Articles

Back to top button